शेरपुर कला में सनसनी: पूर्व सांसद के बाग में युवक का शव फंदे पर लटका मिला
शेरपुर कलां। कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पूर्व सांसद के बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान दानिश खान (22 वर्ष) पुत्र नसीम मियां उर्फ सनी, निवासी मोहल्ला महीगिरान, वार्ड नंबर 1 शेरपुर कला के रूप में हुई है। दानिश पूरनपुर में रेडियम (लेमिनेशन) का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार, दानिश अपने तीन छोटे भाइयों में सबसे बड़ा था—अयान (18 वर्ष), हुसैन (16 वर्ष) और नबील (14 वर्ष)। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि दानिश सुबह घर से निकला था, लेकिन दोपहर में उसका शव बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।






