लापता प्राइवेट टीचर की खेत में मिली लाश, इलाके में सनसनी

जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत | जहानाबाद के प्राइवेट शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम निजाम डांडी निवासी महेंद्र मौर्य पुत्र पुत्तू लाल मौर्य सोमवार से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। गुरुवार को उनकी लाश ग्राम रमपुरा मिश्र और हैदरगंज के बीच अटा परसुआ पुल के पास खेत में मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक के भाई के अनुसार महेंद्र मौर्य प्राइवेट शिक्षक थे और कई दिनों से घर से गायब थे। शव मिलने की खबर के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल जहानाबाद जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि मृतक की दो पत्नियों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी से उनके दो बेटियां और एक बेटा हैं। वहीं चर्चा यह भी है कि मृतक के बरेली निवासी तारा नाम की महिला से प्रेम संबंध थे। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।





