चोखा-बाटी कार्यक्रम में व्यस्त रही पुलिस, उधर व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या
पप्पू गुप्ता हत्याकांड के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जागरण मोर्चा कार्यालय
बिलसंडा। नगर के कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड को लेकर अब एक बड़ा खुलासा सामने आया है। जिस समय नगर के व्यस्ततम बड़े बस स्टैंड तिराहे पर बाइक सवार हमलावर व्यापारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहे थे, उस वक्त पुलिस प्रशासन जंगल में आयोजित चोखा-बाटी कार्यक्रम में व्यस्त बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार जंगल स्थित सिद्ध बाबा देव स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। सूत्रों की मानें तो कार्यक्रम में एसडीएम, सीओ, दियुरिया कलां और बीसलपुर के कोतवाल के अलावा करेली और बिलसंडा के थाना अध्यक्ष भी शामिल थे।
इधर नगर के सबसे व्यस्त चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को उपचार के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे व्यापारिक समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना के बाद नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस तिराहे पर वारदात हुई, वहां हमेशा पुलिस पिकेट रहने की बात कही जाती रही है। इसके अलावा नगर में कई ऐसे संवेदनशील प्वाइंट बताए जाते हैं जहां हर समय पुलिस की मौजूदगी आवश्यक मानी जाती है।
उधर दोनों व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।







