Home Top News Ram Navami: रामलला के जन्मोत्सव पर अयोध्या में विशेष इंतजाम, भक्तों को...

Ram Navami: रामलला के जन्मोत्सव पर अयोध्या में विशेष इंतजाम, भक्तों को मिलेगा ये खास प्रसाद; दो लाख पैकेट हैं तैयार

0
25

प्राण-प्रतिष्ठा के बाद बुधवार को भव्य-नव्य मंदिर में पहली बार श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस बीच जन्मोत्सव में आने वाले भक्तों को देने के लिए प्रसाद की विशेष तैयारी है। धनिया की पंजीरी युक्त प्रसाद के दो लाख से अधिक पैकेट तैयार हैं।

रामलला के जन्मोत्सव में धनिया की पंजीरी का विशेष महत्व है। इसका भोग भी लगता है। भोग के बाद ही इसे वितरित किया जाएगा। लगभग 10 क्विंटल से अधिक पंजीरी बनाई गई है। बड़ी मात्रा में लड्डू और पेड़ा का भी वितरण होगा। पंजीरी के अलावा प्रसाद के पैकेट में पंचमेवा, रामदाना आदि भी होगा। प्रसाद की कुल मात्रा 40 क्विंटल होगी।

रामलला को लगाया जाएगा छप्पन भोग

रामलला को छप्पन भोग लगाया जाएगा। पंचामृत भी तैयार किया जाएगा, जिसे प्रसाद के साथ भक्तों को वितरित किया जाएगा। दोपहर में राम जन्म के बाद प्रसाद बांटा जाएगा। ट्रस्टी अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि राम जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है।

दर्शन कराने के लिए है विशेष तैयारी

कुछ दिन पहले से ही शाम को सोहर, भजन आदि की प्रस्तुतियां हो रही हैं। जिला प्रशासन व ट्रस्ट ने मिल कर उत्सव में शामिल होने के लिए आने वाले भक्तों को रामलला का सुगम दर्शन कराने की तैयारी की है। दर्शन सात लेनों से कराया जाएगा। एक अन्य व्यवस्थापक ने बताया कि भक्तों को कतार में पानी व प्रसाद दिए जाने की कोशिश की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here