संजयनगर में अर्जुन की हत्या से उबाल, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जन सैलाब से सड़क जाम
हत्यारों को गिरफ्तार कर एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिजन
एसपी सिटी व सीओ प्रथम भारी फोर्स के साथ मौके पर
जागरण मोर्चा कार्यालय
बरेली। संजयनगर में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मंगलवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और समर्थक जुट गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा और चौकी चौराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सोमवार रात हत्या के बाद जब अर्जुन मौर्य का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा, तो खबर फैलते ही सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर मानुष पारीक व सीओ प्रथम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले में तीनो नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बावजूद परिजन कार्रवाई होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे। गोसाईं गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बरातघर में डीजे का काम करता था। सोमवार रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अर्जुन परिवार का इकलौता बेटा था और डीजे का काम कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता राकेश मौर्य और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पिता राकेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने कुश, अर्पित और कपिल समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के कुश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जुन की हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि आरोपी भी बरातघर और डीजे के कारोबार से जुड़े हैं। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि परिजनों ने तहरीर में इसका कोई उल्लेख नहीं किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालात पर काबू रखने के लिए एसपी सिटी और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे।





