Home Breaking News गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: प्रयागराज से दिल्ली जा रही डबल डेकर...

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: प्रयागराज से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल

0
19

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: प्रयागराज से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल

जागरण मोर्चा कार्यालय

वजीरगंज (बदायूं)। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रयागराज से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम नौली हरनाथपुर के पास हुआ। इस दुर्घटना में लगभग 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि हादसे में एक 9 वर्षीय बच्चे समेत दो यात्रियों के पैर कट गए, जिससे उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

 

डबल डेकर बसों पर उठ रहे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर डबल डेकर बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि इन बसों में मानकों की अनदेखी की जा रही है और तेज गति से संचालन किया जा रहा है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

लोगों का आरोप है कि प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर जांच की जाती है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर मामलों को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। ऐसे में मानक विहीन बसें खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही हैं और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों और पीड़ितों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि डबल डेकर बसों के संचालन पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

——

90 से अधिक यात्री थे सवार

डबल डेकर बस में करीब 90 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस चालक परिचालक ओवरलोड यात्रियों को लेकर तेज रफ्तार से गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन को दौड़ा रहा था। अचानक झपकी आते ही बस हाईवे पर पलट गई। देखते ही देखते चीख पुकार मच गई सूचना पर पहुंची बिसौली व वजीरगंज पुलिस ने आनन फानन में घायलों को बस के अंदर से निकाल कर अस्पताल भेज दिया। वही क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटवाया गया है।

—–
गंभीर रूप से घायल यात्रियों में शामिल हैं:
समर (9 वर्ष) पुत्र प्रेमचंद्र, प्रयागराज – एक पैर कटा
ताजबर सिंह (30 वर्ष) पुत्र जगपाल, उत्तराखंड – एक पैर कटा
अली अहमद (35 वर्ष) पुत्र मोहम्मद उस्मान, प्रयागराज
अभिषेक (15 वर्ष) पुत्र मूलचंद, प्रयागराज
यश (13 वर्ष), प्रयागराज

अन्य घायलों में शामिल हैं:
जसविंदर सिंह (38), दिल्ली
ज्योति (44), हरियाणा
सुरेश (24), पौड़ी उत्तराखंड
अभिषेक (26), प्रयागराज
महेश यादव (50), भदोही
संदीप (10), बहादुरगढ़ हरियाणा
राजबाला (65), बहादुरगढ़ हरियाणा
आशा (40), बहादुरगढ़ हरियाणा
विशाल (23), बनारस
देश कुमार पांडे (40), बनारस
राजेश कुमार (46), दिल्ली
दिशा (46), दिल्ली
विराज (15), दिल्ली
आदेश शर्मा (30), मेरठ
सरोज वर्मा (27), आजमगढ़

डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here