आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी, सड़क सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करती एसएसपी अंकिता शर्मा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को एक आधुनिक चार पहिया इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
एसएसपी ने बताया कि यह इंटरसेप्टर वाहन अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस है, जिसके माध्यम से यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। यह वाहन विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग और अन्य यातायात उल्लंघनों पर प्रभावी निगरानी रखेगा।
इंटरसेप्टर वाहन की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे और आवश्यकतानुसार अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। शराब या मादक पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
वाहन के जरिए स्टंटबाजी, लापरवाही से वाहन चलाने और अनावश्यक प्रेशर हॉर्न बजाने वालों पर भी अंकुश लगाया जाएगा। साथ ही, कहीं भी यातायात जाम की सूचना मिलने पर यह वाहन तुरंत मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने और यातायात को सुचारु बनाने में मदद करेगा।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
पुलिस प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि जनपद में सड़क हादसों में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनेगी।





