Home Breaking News एसडीएम के आदेश के बाद मिला कब्जा, रात में दबंगों का हमला

एसडीएम के आदेश के बाद मिला कब्जा, रात में दबंगों का हमला

0
68

एसडीएम के आदेश के बाद मिला कब्जा, रात में दबंगों का हमला

चारदीवारी तोड़ी, महिला व युवक को पीटा; पुलिस पर शिकायत न लेने का आरोप

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। शहर के मीरा सराय रोड स्थित करीब 700 गज के एक प्लाट को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। उपजिलाधिकारी सदर द्वारा दस्तावेजों की जांच के बाद वैध स्वामित्व तय कर कब्जा दिलाए जाने के बावजूद, देर रात कथित दबंगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने नवनिर्मित चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया और विरोध करने पर महिला समेत दो लोगों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया।

जानकारी के अनुसार, मीरा सराय रोड स्थित उक्त प्लाट पर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष जमीन पर अपना दावा कर रहा था, जबकि दूसरे पक्ष—क्रेता मदीना, नवाजिश और जीशान—का कहना था कि उन्होंने विधिवत कागजों की जांच के बाद जमीन खरीदी है। विवाद बढ़ने पर मामला तहसील सदर पहुंचा, जहां एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने कागजातों की गहन जांच और मौके का निरीक्षण किया।

जांच में जमीन के वैध स्वामी के रूप में मदीना, नवाजिश और जीशान को सही पाया गया। इसके बाद तहसील प्रशासन ने 28 जुलाई को मौके पर पहुंचकर तीनों को प्लाट पर विधिक कब्जा दिला दिया था। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मामला शांत होता दिखाई दे रहा था, लेकिन आरोप है कि इससे भूमाफिया बौखला गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोग लाठी-डंडों से लैस होकर प्लाट पर पहुंचे और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने प्लाट की चारदीवारी को पूरी तरह तोड़ दिया। विरोध करने पर मदीना और उसके भाई ‘छोटा’ पर हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल पक्ष शिकायत लेकर लालपुल पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। पीड़ितों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उनकी तहरीर लेने से इनकार कर दिया। प्रशासनिक आदेश के बावजूद खुलेआम हुई इस घटना और पुलिस की कथित निष्क्रियता से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।

पीड़ित पक्ष ने अब उच्च अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। दबंग प्रभावशाली, राजनीति पकड़ वाले लोग बताये जा रहे हैं।

वर्जन

इस तरह का कोई शिकायती पत्र कोतवाली पर नहीं आया है। अगर शिकायती पत्र मिलता है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस तरह दबंगई करने वालों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। संजय सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here