ऑपरेशन कवच 2.0 में 67 वाहन चेक, 18 के चालान और आठ सीज
अनधिकृत रूप से सवारी ढोने वाले बस-वैन पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने की अपील
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अनधिकृत रूप से संचालित सवारी वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 67 सवारी वाहनों की जांच की गई। अनियमितता मिलने पर 12 बसों और आठ वैन के चालान किए गए, जबकि दो बसों और छह वैन को सीज कर दिया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार सीज की गई वैन को परिवहन कार्यालय बदायूं और पुलिस लाइन बदायूं में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई का उद्देश्य अनधिकृत रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के साथ ही सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
विभाग ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि गैर व्यावसायिक वाहनों का उपयोग व्यावसायिक कार्य के लिए न किया जाए। अनधिकृत रूप से वाहनों में सवारियां बैठाने और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जाने से बचें। अधिकारियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा अभियान में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।





