Home Breaking News सपा सांसद नीरज मौर्य के साथ वीडियो वायरल, सिनोद शाक्य बोले- भाजपा...

सपा सांसद नीरज मौर्य के साथ वीडियो वायरल, सिनोद शाक्य बोले- भाजपा के टिकट पर लड़ूंगा चुनाव

0
129

सपा सांसद नीरज मौर्य के साथ वीडियो वायरल, सिनोद शाक्य बोले- भाजपा के टिकट पर लड़ूंगा चुनाव

 

पांच साल बाद भी घर वापसी की अटकलों पर पूर्व विधायक ने लगाया विराम, बोले- सपा में जाने का सवाल ही नहीं

जागरण मोर्चा कार्यालय

 

बदायूं। एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक सिनोद शाक्य एक बार फिर सियासी चर्चाओं में आ गए हैं। सपा के आंवला सांसद नीरज मौर्य के साथ उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी सपा में संभावित घर वापसी के कयास लगाए जाने लगे। हालांकि, सिनोद शाक्य ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए साफ कहा कि वह दातागंज से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और मजबूती से मैदान में हैं।

 

सिनोद शाक्य ने बताया कि उनके द्वारा बनाए गए ब्लॉक प्रमुख की पत्नी का निधन हो गया था। शनिवार को दातागंज में उनके दसवें संस्कार का कार्यक्रम था, जिसमें वह शामिल हुए थे। कार्यक्रम में सपा सांसद नीरज मौर्य, आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप समेत सपा के अन्य नेता भी मौजूद थे। इसी दौरान वह उनके साथ बैठे थे। विनोद शाक्य के मुताबिक, साथ बैठने का मतलब यह नहीं है कि वह सपा में शामिल होने जा रहे हैं।

 

एमएलसी चुनाव में सपा छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल

 

सिनोद शाक्य का सपा छोड़कर भाजपा में जाना बदायूं की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना गया था। एमएलसी चुनाव के दौरान उनके पाला बदलने से सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। अब करीब पांच साल बाद सपा नेताओं के साथ उनकी मौजूदगी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि भाजपा में उन्हें अपेक्षित राजनीतिक महत्व नहीं मिल सका, लेकिन सिनोद शाक्य ने भाजपा छोड़ने की किसी मंशा से इनकार कर दिया है।

 

धर्मेंद्र कश्यप के इस्तीफे के बीच बढ़ी सियासी चर्चा

 

धर्मेंद्र कश्यप के इस्तीफे के घटनाक्रम के बीच सिनोद शाक्य का सपा सांसद के साथ वीडियो सामने आने से राजनीतिक चर्चाओं को और हवा मिली। हालांकि, दोनों घटनाक्रमों के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

सिनोद शाक्य के बयान के बाद उनकी सपा में घर वापसी की अटकलों पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी राजनीतिक राह भाजपा के साथ है और वह दातागंज से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। अब आगामी चुनाव में उनकी दावेदारी और भाजपा नेतृत्व का रुख जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here