85 किलोमीटर के ऐतिहासिक रोड शो से भाजपा ने दिखाई सियासी ताकत, जिले में हलचल तेज
हजारों की भीड़ और 1000 से अधिक वाहनों के काफिले ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह, डॉ. शैलेश पाठक के अभिनंदन का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी
बिल्सी, बदायूं और दातागंज विधानसभा क्षेत्रों में उमड़े जनसैलाब ने बदला सियासी माहौल
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के नवनियुक्त सदस्य डॉ. शैलेश पाठक के स्वागत में कछला से दातागंज तक निकले करीब 85 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक रोड शो ने जिले की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। रोड शो में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ और 1000 से अधिक वाहनों के काफिले ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। डॉ. पाठक के अभिनंदन का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। जिले के तीन प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों बिल्सी, बदायूं और दातागंज में मिले व्यापक जनसमर्थन को पार्टी की सियासी ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से जिले में भाजपा नेताओं के समाजवादी पार्टी की ओर जाने की चर्चाओं और राजनीतिक गतिविधियों के चलते सियासी माहौल में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे समय में डॉ. शैलेश पाठक के स्वागत में उमड़े जनसैलाब ने भाजपा खेमे में नई ऊर्जा का संचार किया है। कछला से शुरू हुआ रोड शो विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए बदायूं शहर पहुंचा तो जगह-जगह समर्थकों ने स्वागत कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इसके बाद दातागंज तक काफिले की गूंज बनी रही।
रोड शो में बड़ी संख्या में युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। वाहनों के लंबे काफिले और जगह-जगह हुए स्वागत ने इसे महज अभिनंदन कार्यक्रम के बजाय शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। तीन विधानसभा क्षेत्रों में मिले उत्साह ने भाजपा के स्थानीय संगठन को भी उत्साहित किया है।
राजनीतिक जानकारों की नजर में इस आयोजन के कई सियासी मायने हैं। एक ओर जहां जिले में दलबदल और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर डॉ. पाठक के स्वागत में दिखाई दिया जनसमर्थन भाजपा के लिए मनोबल बढ़ाने वाला घटनाक्रम माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी रोड शो की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बने हुए हैं।
प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने के बाद डॉ. शैलेश पाठक के स्वागत में जिस तरह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भागीदारी की, उससे जिले की राजनीति में उनकी सक्रियता और प्रभाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल 85 किलोमीटर के इस रोड शो ने बदायूं की सियासत में भाजपा की मौजूदगी को नए सिरे से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।





