जागरण मोर्चा
पूरनपुर। शेरपुर रोड स्थित श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर नवनिर्मित सड़क पर बनी पुलिया की एप्रोच रोड न बनने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जल्द समाधान की मांग की है।

समाजसेवी अनूप कुमार गुप्ता ने उपजिलाधिकारी पूरनपुर को दिए गए पत्र में बताया कि नगर की अधिकांश आबादी पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के लिए शेरपुर रोड स्थित श्मशान घाट पर जाती है। यहां तक पहुंचने के लिए लोग वेद संस्कार हेतु इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन नवनिर्मित सड़क पर बनी पुलिया की एप्रोच रोड अभी तक नहीं बनाई गई है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिया की एप्रोच रोड न होने के कारण लोगों को पार्थिव शरीर लेकर श्मशान घाट तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वैकल्पिक रास्ता भी काफी दूर होने के कारण नागरिकों को असुविधा हो रही है।
पत्र में मांग की गई है कि श्मशान घाट जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर पुलिया की एप्रोच रोड का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि शोकग्रस्त परिवारों को अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर को श्मशान घाट तक ले जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।







