आंधी में टेंपो पर गिरा पेड़, युवती की मौत, एक घायल
जागरण संवाददाता
बदायूं: शहर के गद्दी चौक पर सोमवार शाम आई तेज आंधी और बरसात के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराना पाखड़ का पेड़ अचानक सड़क पर चल रहे टेंपो के ऊपर गिर गया। हादसे में टेंपो सवार एक युवती की दबकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर भारी मशक्कत के बाद टेंपो में फंसी युवती को बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवती की पहचान 23 वर्षीय शबा अलीम खान पुत्री अहमद अलीम खान, निवासी मोहल्ला जलंधरी सराय के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में उसहैत के वार्ड नंबर 9 निवासी संतोष पुत्र राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया और पेड़ को रास्ते से हटवाया। इस घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।






