- क्रॉप कटिंग से गेहूं की उत्पादकता का आंकलन
पीलीभीत, 10 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की देखरेख में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़ों के संकलन हेतु विकासखंड मरौरी के ग्राम पंचायत चंदोई में गेहूं की फसल पर क्रॉप कटिंग के माध्यम से निरीक्षण किया गया।
क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा ग्राम चंदोई के कृषक राजा तोमर व सुभाष चन्द्र के खेत में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के जरिए फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। कटाई के बाद गेहूं की पिटाई एवं तौल कराई गई, जिसमें दो गाठों के प्रयोग में क्रमशः 18.160 किलोग्राम तथा 15.230 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फसल की नपाई, कटाई प्रक्रिया तथा सीसीई एग्री ऐप पर ऑनलाइन फीडिंग की जानकारी अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी से ली। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी भूमि की फॉर्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा और किसान पंजीकरण अवश्य कराएं, जिससे उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कानूनगो तेज बहादुर गंगवार, लेखपाल कृष्ण मुरारी, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी प्रमोद सिंह, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत इफको टोकियो कंपनी के जिला प्रतिनिधि महेन्द्र भारती, तहसील समन्वयक महेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






