Home Breaking News फर्जी शपथ पत्रों से जमीन अकृषक कराने का आरोप, बिसौली तहसील में...

फर्जी शपथ पत्रों से जमीन अकृषक कराने का आरोप, बिसौली तहसील में जांच के आदेश

0
134

फर्जी शपथ पत्रों से जमीन अकृषक कराने का आरोप, बिसौली तहसील में जांच के आदेश

धारा-80 के नाम पर खेल! सहखातेदारों की फर्जी सहमति से भूमि परिवर्तन का मामला उजागर

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। जनपद के बिसौली तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि को कथित रूप से फर्जी सहमति शपथ पत्रों के जरिए अकृषक घोषित कराने का मामला सामने आया है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर स्थित गाटा संख्या 629 से जुड़े इस प्रकरण में राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत ग्राम दिसौलीगंज की पूर्व प्रधान सोनी शाक्य ने जिलाधिकारी से की, जिस पर जांच के आदेश दिए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, ग्राम अंगथरा निवासी सकीना बेगम के पुत्रों पर आरोप है कि उन्होंने सहखातेदारों की वास्तविक सहमति के बिना ही उनके नाम से कथित फर्जी शपथ पत्र तैयार कराए और उन्हें तहसील बिसौली में धारा-80 की पत्रावली में प्रस्तुत कर दिया। पूर्व प्रधान सोनी शाक्य का कहना है कि उनके तथा उनके देवर गजराज सिंह के नाम से भी बिना जानकारी और अनुमति के सहमति दर्शाते हुए दस्तावेज लगाए गए हैं।

पूर्व प्रधान ने आरोप लगाया कि यह पूरा प्रकरण राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से किया गया है, ताकि विवादित कृषि भूमि को अकृषक घोषित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से अन्य सहखातेदारों के वैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब तक सक्षम न्यायालय अथवा विधिक प्रक्रिया के तहत भूमि का बंटवारा (कुरेबंदी) नहीं हो जाता, तब तक किसी भी भूमि को अकृषक घोषित करने की कार्यवाही नहीं की जा सकती। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर कार्रवाई किए जाने का प्रयास किया गया।

पूर्व प्रधान सोनी शाक्य ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 3 अगस्त को बिसौली एसडीएम को भी शिकायती पत्र दिया था। उस समय जांच का आश्वासन तो मिला, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में उन्होंने मांग की है कि फर्जी शपथ पत्रों और संबंधित अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तहसील बिसौली में धारा-80 से जुड़े मामलों में कुछ भू-माफिया प्रवृत्ति के लोग सक्रिय हैं, जो सहखातेदारों की कथित फर्जी सहमति दर्शाकर कृषि भूमि को अकृषक कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने ऐसे सभी मामलों की व्यापक जांच कराए जाने की भी मांग उठाई है।

वर्जन

मामला संज्ञान में आया है। एसडीएम बिसौली को जांच डी गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई कि जाएगी। अवनीश राय, जिलाधिकारी, बदायूं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here