पुल बंद होने पर लगभग  5 से 7  किलोमीटर की दूरी तय कर रहे लोग, आवागमन बंद
बिना वैकल्पिक व्यवस्था करे बंद कर दिया पुल

जागरण मोर्चा, कार्यालय
रामपुर। राम रहीम पुल बंद होने से ज्वालानगर जाने के लिए लोगों को कम से कम 5 से लेकर 7 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। पुल बंद होने से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई। दिनभर लोग सिविल लाइंस से ज्वालानगर जाने के लिए पनवड़िया रेलवे क्रासिंग, फोटो चुंगी स्थित बने अंडरपास से गुजरे, या फिर कोसी पुल होते हुए होटल रिवर साइड इन से नीचे उतर कर मंसूरपुर, आगापुर, पसियापुर होते ही ज्वालानगर की ओर जा रहे हैं। कई रास्तों पर गहरे गड्ढे होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता है।
ज्वालानगर रेलवे क्रासिंग पर आए दिन होने वाले हादसों पर रोकने एवं फाटक बंद होने की वजह से लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शासन से वर्ष 1999 में पुल को मंजूरी दी थी। जिसके बाद वर्ष 2006 में यह पुल बनकर तैयार हो गया और लोगों के खोल दिया गया था। अब तक एक बार भी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। जिसके कारण बरसात के दिनों में जगह-जगह से पुल की सड़क धंस जाती है। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। जनता की समस्याओं को देखते हुए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पुल की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसे बीते माह मंजूरी मिल गई थी। राम रहीम पुल बनने के बाद पहली बार मरम्मत कार्य हो रहा है। यह कार्य करीब 54 दिन तक जारी रहेगा। गुरुवार को पुल बंद हो जाने के बाद लोगों को परेशानियां शुरू हो गई है। अब ज्वाला नगर वासियों  को सिविल लाइंस आने के लिए कोसी पुल से होकर आना होगा। क्योकि श्मशान घाट की तरफ से जाने वाला रास्तो गहरे गड्ढों में तब्दील है। विभागीय अधिकारियों द्वारा इस रास्ते को सही नहीं किया। पुल को बंद कर दिया गया। लोग जान जोखिम में डालकर वहां से गुजर रहे हैं। किसी दिन भी हादसा हो सकता है।  बीमार होने पर भी मरीज के तीमारदारों को अस्पताल तक ले जाने में कम से कम एक घंटा लगेगा।

रेलवे क्रासिंग पर जाम की समस्या से भी जूझे लोग
राम रहीम पुल बंद होने पर लोग पनवड़िया, सीआरपीएफ रेलवे क्रासिंग पर जाम की समस्या से लोग दिनभर जूझे। नौकरी, पेशा करने वालों को भी आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम की समस्या होने पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाया। यातायात प्रभारी नवनीत कुमार ने बताया कि आवागमन के लिए 6 पॉइंट बनाए गए है इन सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। ताकि जाम नहीं लग सके।  आरपीएफ इंचार्ज शिखा बालियान ने बताया कि जाम न लगे जिसके लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

इन मार्गों से होकर गुजरे भारी वाहन
राम रहीम पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद होने से शाहबाद-पटवाई से आने वाले भारी वाहन मुरादाबाद-बरेली बाईपास से होकर कोसी पुल, शहजादनगर स्थित जीरो प्वाइंट होकर सिविल लाइंस, मालागोदाम की तरफ आए। इसी तरह शहर की ओर से शाहबाद रोड, पटवाई जाने वाले भारी वाहनों को भी जीरो प्वाइंट कोसी नदी के पुल होकर बाईपास से शादी की मंडैया वाले स्थान पर नीचे उतर कर निकले। इसके अलावा दोपहिया वाहन किट प्लाई मार्ग से होकर पनवड़िया, आगापुर मार्ग से होकर भी सीआरपीएफ गेट के पास मुरादाबाद मार्ग की तरफ होकर गुजरे।

1.50 करोड़ की लागत से कराया जा रहा कार्य
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के राम रहीम पुल के 14 पिलरों का बीयरिंग बदलने का कार्य डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस कार्य करीब 20 मई तक आरंभ रहेगा। साइडों का कार्य तेजी से कराने को पुल के ऊपर से गुजरने वाला सभी आवागमन बंद कर दिया गया है। इसके लिए बोर्ड लगा दिए हैं।

राम रहीम पुल की मरम्मत कार्य प्रगति पर है। पुल के ऊपर से गुजरने वाला ट्रैफिक 26 मार्च से 20 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है। -गौरव सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here