Home Breaking News मिट्टी खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो में मारी टक्कर, स्कूल...

मिट्टी खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो में मारी टक्कर, स्कूल जा रहे छह बच्चे घायल

0
109

मिट्टी खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो में मारी टक्कर, स्कूल जा रहे छह बच्चे घायल

 

हादसे के बाद जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम-एसएसपी

 

 

बच्चों का जाना हाल; परिजनों ने खनन माफिया पर लगाए गंभीर आरोप

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

सहसवान। थाना सहसवान क्षेत्र में बुधवार सुबह गांव मानकपुर के पास मिट्टी खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्चों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार छह छात्र-छात्राएं घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली।

 

बताया गया कि बुधवार सुबह छात्र-छात्राएं टेंपो में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सहसवान क्षेत्र के गांव मानकपुर के पास मिट्टी लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टेंपो से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को टेंपो से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

 

हादसे में गांव गढ़ी इब्राहिमपुर निवासी नंद किशोर, रामगोपाल, भगवती, किशन पाल, रजनी और प्रीती घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चों का उपचार शुरू किया।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने बच्चों के परिजनों से भी घटना की जानकारी ली और चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

—-

परिजनों ने खनन माफिया पर लगाए आरोप

 

-हादसे के बाद घायल बच्चों के परिजनों ने क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में कथित खनन माफिया द्वारा दिन-रात मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है। तेज रफ्तार से मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर दौड़ती हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। परिजनों ने आरोप लगाया कि खनन और मिट्टी के परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लगने के कारण यह हादसा हुआ है।

 

परिजनों ने प्रशासन से क्षेत्र में चल रहे मिट्टी खनन और उसके परिवहन की जांच कराने, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क पर तेज गति से दौड़ने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अंकुश लगाने की मांग की है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के तथ्यों की जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here