मोबाइल टावर में लगी आग, कंट्रोल रूम और वायरिंग जली
आग की लपटें देख लोगों में मची अफरा-तफरी, पुलिस व दमकल पहुंची
बिल्सी,
मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते टावर के कंट्रोल रूम, वायरिंग और उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से टावर का सामान जल गया।
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र की गणेश कॉलोनी में शुक्रवार देर रात मोबाइल टावर में आग लग गई। टावर से ऊंची लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। आग का वीडियो लोगों ने बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से टावर का केबिन रूम, पूरी वायरिंग और कई उपकरण जल गए। हालांकि आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।




