स्वास्थ्य कैंप व चौपाल में पहुंचे प्रभारी मंत्री, डिजिटल लाइब्रेरी का किया लोकार्पण
जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक सभागार एवं ग्राम पंचायत बल्लिया में स्वास्थ्य कैंप, संवाद कार्यक्रम और “सरकार आपके द्वार” चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मंत्री ने ग्राम पंचायत बल्लिया में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान किसानों को बीज किट, आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां, दिव्यांगजन व अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र तथा रोजगार से जुड़े युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भुवन चन्द्र पंत, ब्लॉक प्रमुख निशांत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।





