12 मार्च अपराह्न दो बजे प्लांट के अंदर गोली मारकर दोनों अधिकारियों की कर दी गई थी हत्या
उपमहा प्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या से हिल गया है शासन
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी एचपीसीएल प्लांट में हुआ था दोहरा हत्याकांड
मृतक हर्षित मिश्रा के पिता ने एसएसपी बंगले पर की एक घंटे तक मुलाकात
स्थानीय बाहुबली भाजपा नेता की साज़िश का आरोप
जागरण मोर्चा
बदायूं | मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) प्लांट के उपमहा प्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या परिसर में 12 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह समेत तीन लोग जेल जा चुके हैं।इस वारदात में जान गवानें वाले हर्षित मिश्रा के पिता सुशील मिश्रा बृहस्पतिवार को शहर स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आवास पहुंचे और एसएसपी अंकित शर्मा से लगभग एक घंटे तक बंद कमरे में विस्तृत वार्ता की। बैठक के बाद बाहर आए ग़मज़दा पिता ने मीडिया के सामने दो टूक कहा—“मेरे बेटे की हत्या स्थानीय आकाओं और बाहुबलियों की सोची-समझी साज़िश का परिणाम है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हर्षित के पिता एसएसपी बंगले पहुंचे। उन्हें सुरक्षा घेरे में कार्यालय कक्ष में ले जाया गया, जहाँ एसएसपी अंकित शर्मा के साथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि बातचीत में अब तक जुटाए गए साक्ष्य, घटनास्थल की फॉरेंसिक रिपोर्ट, संभावित संदिग्धों की सूची और आगे की जांच की रूपरेखा पर बिंदुवार चर्चा हुई।
बैठक के बाद बाहर आए पिता की आँखें नम थीं, पर आवाज़ में तल्ख़ी थी। उन्होंने कहा, “स्थानीय बाहुबली के वर्चस्व के चलते मेरे बेटे और उसके साथ मौजूद दूसरे अधिकारी को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। यह अचानक हुई झड़प नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साज़िश थी, जिसके तार इलाके के उन चेहरों से जुड़े हैं जिनकी हनक के आगे आम आदमी की आवाज़ दब जाती है।”
परिवार के मुताबिक सैंजनी और आसपास के इलाकों में आका की हनक इस कदर हावी है कि कोई भी अन्य व्यक्ति अपनी बात नहीं रख पाता। “उनका वर्चस्व ही कानून बन गया है.
कॉल डिटेल पर भी ‘खौफ़ का साया’
पिता से जांच के बारे में सवाल किया तो उन्होंने इस सवाल पर कहा कि बाहुबली का खौफ़ इतना गहरा है कि राज़ खुलकर सामने नहीं आ रहे। लोग डर के मारे ज़ुबान नहीं खोलते। लेकिन अब सच की परतें उधेड़नी ही होंगी।” उन्होंने आशंका जताई कि वारदात से पहले और बाद के अहम डिजिटल सुरागों को मिटाने या दबाने की कोशिश की गई है।
एसएसपी का आश्वासन—‘जीरो टॉलरेंस’ पर कार्रवाई
हर्षित के पिता ने बताया कि एसएसपी अंकित शर्मा ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि “माननीय मुख्यमंत्री जी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आरोपियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।” पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच को गति देने के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो घटनास्थल के फॉरेंसिक साक्ष्य, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और मोबाइल डेटा का मिलान कर रही है।
ग़मगीन परिवार की न्याय की गुहार
पूरी वार्ता के दौरान हर्षित का परिवार बेहद ग़मगीन और भावुक दिखा। परिजनों ने हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई और कहा कि उन्हें सिर्फ पुलिस ही नहीं, पूरे सिस्टम से उम्मीद है कि दोषियों को बेनकाब कर सज़ा दिलाई जाएगी। “जब तक मेरे बेटे और उसके साथ मारे गए युवक को इंसाफ़ नहीं मिलता, हम चुप नहीं बैठेंगे,” पिता ने अंत में कहा।
उल्लेखनीय है कि सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट परिसर में हुई इस वारदात में हर्षित मिश्रा समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजन लगातार उच्चाधिकारियों से मिलकर त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर आरोपियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।







