Home Breaking News नकटादाना चौराहे पर चला बुलडोजर, सपा का पुराना कार्यालय ध्वस्त

नकटादाना चौराहे पर चला बुलडोजर, सपा का पुराना कार्यालय ध्वस्त

0
41

नकटादाना चौराहे पर चला बुलडोजर, सपा का पुराना कार्यालय ध्वस्त

नगर पालिका की कार्रवाई, जर्जर भवन हटाकर बनाई जाएगी मार्केट
जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत। शहर के व्यस्त नकटादाना चौराहे पर शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यालय भवन को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कुछ ही घंटों में जर्जर भवन मलबे में तब्दील हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह भवन नगर पालिका परिषद का पुराना अधिशासी अधिकारी (ईओ) आवास था, जिस पर लंबे समय से समाजवादी पार्टी का कार्यालय संचालित हो रहा था। नगर पालिका ने कुछ समय पहले भवन को कब्जा मुक्त कराया था। भवन की हालत बेहद जर्जर बताई जा रही थी, जिसके चलते प्रशासन ने उसे गिराने का निर्णय लिया।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बताया कि भवन पालिका की संपत्ति है और काफी समय से उस पर अवैध कब्जा था। भवन की जर्जर स्थिति सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन चुकी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस स्थान पर व्यवस्थित मार्केट विकसित की जाएगी, जहां दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट यशवर्धन सिंह तोमर स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। शहर के प्रमुख चौराहे पर बुलडोजर कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here