नेताजी के विचारों पर चलकर ही सियासत में मिल सकती है कामयाबी: आबिद रजा
पूर्व मंत्री ने मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कार्यकर्ताओं ने 2027 में पीडीए सरकार बनाने का लिया संकल्प
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। पूर्व मंत्री आबिद रजा ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने नेताजी को अपना राजनीतिक आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और आम जनता के हितों के लिए समर्पित कर दिया था।
आबिद रजा ने कहा कि नेताजी किसान, छात्र, मजदूर, अल्पसंख्यक समेत समाज के हर वर्ग के नेता थे। उन्होंने संघर्ष के बल पर राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और जनता के दिलों में जगह हासिल की। वह संघर्षशील होने के साथ-साथ राजनीतिक दांव-पेच में भी माहिर थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही जनसेवा करते हुए राजनीति में कामयाबी हासिल की जा सकती है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार काम किया। नेताजी की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। आबिद रजा ने कहा कि अखिलेश यादव नेताजी के बताए रास्ते पर चलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं और पीडीए के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।





