Home Breaking News प्लॉट पर निर्माण रोकने और रंगदारी मांगने का आरोप, पीड़ित ने सीओ...

प्लॉट पर निर्माण रोकने और रंगदारी मांगने का आरोप, पीड़ित ने सीओ से लगाई गुहार

0
17

प्लॉट पर निर्माण रोकने और रंगदारी मांगने का आरोप, पीड़ित ने सीओ से लगाई गुहार

 

सहसवान में दबंगों पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का आरोप

 

निर्माण कार्य में बाधा डालने का दावा; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

जागरण मोर्चा कार्यालय

सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान क्षेत्र में प्लॉट पर निर्माण कार्य रोकने और रुपये मांगने का मामला सामने आया है। मोहल्ला काजी निवासी इमरान पुत्र रफीक अहमद ने कुछ लोगों पर जबरन निर्माण कार्य रुकवाने, रंगदारी मांगने और विरोध करने पर गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी सहसवान को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

पीड़ित इमरान के मुताबिक, उसने करीब एक वर्ष पहले अपनी पत्नी के नाम हमूपुर चमरपुर क्षेत्र में गाटा संख्या 191 में 300 गज का प्लॉट खरीदा था। उसका कहना है कि प्लॉट पर पहले ही करीब पांच फीट ऊंची बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा चुका है। इसके अलावा जमीन में मिट्टी का भराव भी कराया गया था। पिछले दो दिनों से वह अपने प्लॉट पर आगे का निर्माण कार्य करा रहा था।

 

आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग निर्माण स्थल पर पहुंच गए और काम कर रहे मजदूरों को निर्माण रोकने के लिए कहा। पीड़ित का आरोप है कि संबंधित लोगों ने निर्माण कार्य जारी रखने के एवज में रुपये की मांग की। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ ही मौके पर काम कर रहे मजदूरों से भी कथित तौर पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हो गया।

 

इमरान का कहना है कि वह अपनी जमीन पर निर्माण करा रहा है, इसके बावजूद उसे परेशान किया जा रहा है और दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे न्याय दिलाने तथा भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना से बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

 

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here