बनबसा बैराज पहुंचकर डीएम-एसपी ने लिया शारदा नदी के जलस्तर व डिस्चार्ज का जायजा
भारी बारिश के चलते 24 घंटे निगरानी और अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
बनबसा बैराज का मुआयना करते हुए डीएम व एसपी
जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित जलभराव व बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शनिवार को बनबसा बैराज पहुंचकर शारदा नदी के जलस्तर और बैराज से हो रहे जल डिस्चार्ज का स्थलीय जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से बैराज और आसपास के क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शारदा नदी के वर्तमान जलस्तर, बैराज के गेज लेवल, जल डिस्चार्ज और पानी की निकासी की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बैराज एवं नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने तथा जलस्तर में होने वाले प्रत्येक परिवर्तन की तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ एवं जलभराव को देखते हुए सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें और आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।
डीएम ने निचले और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड सहित सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





