Home Uncategorized मानदेय वृद्धि पर शिक्षामित्रों ने जताया आभार

मानदेय वृद्धि पर शिक्षामित्रों ने जताया आभार

0
24

 विधायक को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम धन्यवाद पत्र

जागरण मोर्चा कार्यालय
नहटौर: मंगलवार को विधायक ओम कुमार के कैंप कार्यालय पर उस समय उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ से जुड़े जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षामित्रों ने एकत्र होकर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित धन्यवाद पत्र विधायक को सौंपते हुए मानदेय वृद्धि सहित अन्य फैसलों के लिए कृतज्ञता प्रकट की।
संघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षामित्रों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उनका मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है। लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर प्रयासरत शिक्षामित्रों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए मानदेय से परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में राहत मिलेगी। शिक्षामित्रों ने यह भी कहा कि उन्हें कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आपात स्थिति में उपचार की सुविधा सुलभ हो सकेगी। इसके अतिरिक्त निकटतम विद्यालय में समायोजन के निर्णय से आवागमन की समस्या कम होगी और वे अधिक प्रभावी ढंग से शिक्षण कार्य कर सकेंगे।
विधायक ओम कुमार ने शिक्षामित्रों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव विस्तार से सुने। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षामित्रों से जुड़े विषयों को सरकार तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाता रहेगा। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष शोभा रानी ने भी शिक्षामित्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन और सरकार उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।कार्यक्रम में प्रभारी पश्चिम उत्तर प्रदेश सुचित मलिक, प्रदेश सचिव संजू राणा, जिलाध्यक्ष अजयपाल सिंह, जिला महामंत्री अनुज राणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राधा चौधरी, महामंत्री पूनम रानी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, पंकज राजपूत, पवन कुमार, आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here