इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती शादी के झांसे तक पहुंची, युवती ने लगाया धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप
गर्भपात कराने, शादी से मुकरने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, शाही थाने में मुकदमा दर्ज
जागरण मोर्चा कार्यालय
बरेली। सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती एक युवती के लिए परेशानी का कारण बन गई। लखनऊ निवासी एक युवती ने शाही थाना क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राम दुनका निवासी जीशान पुत्र वकील अहमद से जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने पर आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उससे धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा गया। युवती का कहना है कि धर्म परिवर्तन की बात मानने के बावजूद आरोपी ने शादी नहीं की और उससे दूरी बना ली। विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि इस घटनाक्रम के बाद उसके पारिवारिक संबंध भी प्रभावित हुए और अब वह न्याय की मांग कर रही है। एसएसपी के निर्देश पर शाही थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





