ओवरलोडिंग में चार वाहन सीज, 104 वाहनों के चालान

बदायूं। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के मामले में चार वाहनों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 104 दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के चालान किए गए।
उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सीज किए गए चार ओवरलोड वाहनों से 1.35 लाख रुपये जुर्माना सरकारी खजाने में जमा कराया गया।
इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने और गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 104 वाहनों के चालान किए गए। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। विभाग ने कहा कि ओवरलोडिंग से बचें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।




