कछला गंगा घाट पर तैयारियों की समीक्षा, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं।आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व एवं कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मण्डलायुक्त बरेली भूपेन्द्र एस. चौधरी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय साहनी ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मण्डलायुक्त ने कहा कि गंगा स्नान के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का प्रयोग शासन के निर्देशों के अनुसार ही किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत घाटों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।





