कांग्रेस जिलाध्यक्ष की शिकायत: एसएचओ पर पत्नी को धमकाने का आरोप
जंतर-मंतर गए अजीत यादव, घर पहुंचकर पत्नी से पूछताछ का आरोप; महिला आयोग जाने की तैयारी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं । कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने सिविल लाइंस थाने के एसएचओ हरेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ पुलिस महानिदेशक व प्रमुख सचिव गृह को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी गैर मौजूदगी में पुलिस अधिकारी उनके नेकपुर स्थित आवास पर पहुंचे और उनकी पत्नी प्रियंका यादव को धमकाया तथा अनुचित दबाव बनाया।
अजीत यादव के अनुसार 23 जुलाई की सुबह करीब साढ़े सात बजे एसएचओ हरेंद्र उनके घर पहुंचे। उस समय वे दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में मौजूद थे। आरोप है कि एसएचओ ने उनकी पत्नी से पूछताछ करते हुए उन्हें तुरंत बुलाने का दबाव बनाया और कथित तौर पर आत्महत्या की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिना महिला पुलिस कर्मी के एक महिला से पूछताछ कर महिला अधिकारों का उल्लंघन किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप है कि फोन पर बात के दौरान एसएचओ ने उन्हें दिल्ली से वापस आने और आंदोलन से दूर रहने के लिए कहा, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इस घटना से उनकी पत्नी को मानसिक आघात पहुंचने की बात कही गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे नागरिक अधिकारों, निजता के अधिकार और मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें देश में कहीं भी आने-जाने और शांतिपूर्ण विरोध में शामिल होने का संवैधानिक अधिकार है।
अजीत यादव ने बताया कि उनकी पत्नी प्रियंका यादव इस मामले को लेकर महिला आयोग में याचिका दायर करेंगी। वहीं, उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में रहकर छात्र आंदोलन का समर्थन जारी रखेंगे और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे।





