Home Breaking News गाय की मौत के बाद भड़का आक्रोश, डॉक्टर से मारपीट का वीडियो...

गाय की मौत के बाद भड़का आक्रोश, डॉक्टर से मारपीट का वीडियो वायरल

0
32

गाय की मौत के बाद भड़का आक्रोश, डॉक्टर से मारपीट का वीडियो वायरल

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं पुलिस चौकी अंतर्गत बिचपुरी गांव के पास कार की टक्कर से गाय की मौत के बाद हंगामा हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने कार सवार डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ के साथ कथित तौर पर मारपीट और धक्का-मुक्की की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बिचपुरी गांव के पास सड़क पर मौजूद गाय कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और गाय की मौत को लेकर आक्रोश जताने लगे।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय कार चालक डॉक्टर नशे की हालत में था। हालांकि, डॉक्टर के नशे में होने की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गाय की मौत के बाद मौके पर भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने डॉक्टर के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की कर दी। किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोगों की भीड़ के बीच डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी भी मौके पर नजर आ रहे हैं।

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास पुलिस की तैनाती और पुलिस प्वाइंट भी बनाया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस हादसे की वास्तविक परिस्थितियों, कार चालक की स्थिति और डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। डॉक्टर के नशे में होने तथा हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here