दंगा नियंत्रण की तैयारियों को परखा, महिला पुलिसकर्मियों ने भी दिखाया दमखम

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने और पुलिस की तैयारियों को मजबूत बनाने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में महिला पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों से निपटने, लाठीचार्ज और अश्रु गैस के इस्तेमाल का अभ्यास किया। साथ ही सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग की प्रक्रिया भी दोहराई गई।
अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना रहा। अधिकारियों ने आपसी तालमेल, अनुशासन और सतर्कता के साथ जनसुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




