दीपावली पर शहर को 1.62 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 12 निर्माण कार्यों को मंजूरी
चेयरमैन फात्मा रजा ने सड़क, नाला, पार्क और पार्किंग निर्माण को दी प्राथमिकता, हिंदू बाहुल्य इलाकों के मार्ग भी शामिल
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। दीपावली के त्योहार पर बदायूं शहर के लोगों को विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों से शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर 1 करोड़ 62 लाख 18 हजार 385 रुपये की लागत से 12 निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में सड़क निर्माण और मरम्मत पर विशेष जोर दिया गया है। खास बात यह है कि विकास कार्यों की सूची में हिंदू बाहुल्य और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों के कई प्रमुख मार्गों को भी शामिल किया गया है।
प्रस्तावित कार्यों के तहत शहर में कई स्थानों पर हॉटमिक्स और सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। इसके अलावा जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए नाला निर्माण, अंबेडकर पार्क में फर्श और एसके कॉलेज में पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के लोगों को आवागमन के साथ ही बुनियादी सुविधाओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्यों में प्रेमलोक हॉस्पिटल से दशमेश थ्रेसर होते हुए सरकारी ट्यूबवेल तक हॉटमिक्स सड़क के लिए 28 लाख 73 हजार 438 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वाटर वर्क्स रोड पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण पर 13 लाख 33 हजार 955 रुपये और सुभाष चौक से नई सराय लीक तक सड़क निर्माण पर 14 लाख 66 हजार 76 रुपये खर्च होंगे। लावेला चौक से छह सड़का तक सड़क निर्माण के लिए 9 लाख 83 हजार 199 रुपये का बजट रखा गया है।
अल्फा खां सराय में जावेद मास्टर से देव अरोड़ा होते हुए महावीर के मकान तक 8 लाख 43 हजार रुपये से सीसी सड़क बनाई जाएगी। कचहरी रोड से मास्टर असरार के मकान तक 7 लाख 53 हजार 337 रुपये तथा मल्होत्रा ग्लास से नगर पालिका के पश्चिमी गेट तक सड़क निर्माण पर 6 लाख 57 हजार 20 रुपये खर्च किए जाएंगे। पथिक चौराहे से प्रकाशी भाई के घर तक हॉटमिक्स कार्य के लिए 3 लाख 3 हजार 196 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, नई सराय में बड़े गेट की पुलिया के दोनों ओर 14 लाख 22 हजार 844 रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जाएगा। नेकपुर स्थित अंबेडकर पार्क में 6 लाख 66 हजार 709 रुपये से फर्श का निर्माण और एसके कॉलेज में 11 लाख 75 हजार 300 रुपये से पार्किंग बनाई जाएगी। वाटर वर्क्स परिसर में भी 12 लाख 40 हजार 311 रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसके अलावा शहर की विभिन्न सड़कों की मरम्मत और हॉटमिक्स कार्यों के लिए 25 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
इन कार्यों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कें बेहतर होने के साथ जल निकासी और पार्किंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। अब लोगों को इन प्रस्तावित कार्यों के समय से शुरू होने और गुणवत्ता के साथ पूरा होने का इंतजार है।





