Home Breaking News नाली जाम, पानी निकासी ठप—कीचड़ से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, सचिव पर...

नाली जाम, पानी निकासी ठप—कीचड़ से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, सचिव पर लापरवाही के आरोप

0
31

नाली जाम, पानी निकासी ठप—कीचड़ से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, सचिव पर लापरवाही के आरोप

खराब पड़े सरकारी नल, पानी को तरसे लोग—शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई

 

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं । ग्राम पंचायत मझिया में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में नालियों के जाम होने और पानी की निकासी न होने के कारण जगह-जगह कीचड़ फैल गया है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाई झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ग्राम पंचायत सदस्य एवं मानवाधिकार संगठन के जिला उपाध्यक्ष आर.पी. सिंह ने बताया कि यह स्थिति ग्राम सचिव की लापरवाही का परिणाम है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही जल निकासी की व्यवस्था सुधारी गई।

इसी के साथ गांव में लगे सरकारी नल भी लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब इस संबंध में सचिव से शिकायत की गई तो उन्होंने बजट का अभाव बताकर काम कराने से मना कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि उस पर गलत रिपोर्ट लगाकर मामला निस्तारित कर दिया गया।

आर.पी. सिंह ने बताया कि उन्होंने फीडबैक में असंतुष्टि दर्ज कर दोबारा शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद अब तक नल ठीक नहीं कराए गए हैं। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है और गांव में पानी का कोई अन्य स्रोत भी उपलब्ध नहीं है।

समस्या के समाधान के लिए उन्होंने बीडीओ को भी संदेश भेजकर अवगत कराया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here