Home Breaking News फतेहगंज पश्चिमी में बिजली संकट, सैकड़ों गांवों में हाहाकार

फतेहगंज पश्चिमी में बिजली संकट, सैकड़ों गांवों में हाहाकार

0
34

**फतेहगंज पश्चिमी में बिजली संकट, सैकड़ों गांवों में हाहाकार**

 

फतेहगंज पश्चिमी। बरसात के इस मौसम में फतेहगंज पश्चिमी विद्युत उपखंड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में गुरुवार को सुबह से देर शाम तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कस्बे के अलावा ठिरिया खेतल, उनासी, मनकरी, सिरसा जागीर, रहपुरा जागीर, टीहर खेड़ा, माधोपुर, रसूला चौधरी, मीरापुर, रफियाबाद और पिथुपुरा जैसे दर्जनों गांवों के निवासी बिजली के अभाव में परेशान नजर आए।

 

सुबह से ही आपूर्ति ठप होने के चलते घर-घर में लगे इनवर्टर भी जवाब दे बैठे। इतना ही नहीं, चार्जिंग न हो पाने के कारण मोबाइल फोनों की बैटरी भी दम तोड़ गई, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक बातचीत करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिनभर उम्मीद में बैठे रहने के बावजूद जब बिजली नहीं आई, तो शाम ढलते ही कई घर अंधेरे में डूब गए। बारिश के दौरान बत्ती गुल रहने से रसोई से लेकर अन्य घरेलू कार्यों तक पर व्यापक असर देखने को मिला।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में जब बिजली कटौती होती है तो परेशानियां और भी बढ़ जाती हैं। पूरे दिन आपूर्ति सुचारु न हो पाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त रहा। क्षेत्र के लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि फॉल्ट का शीघ्र निरीक्षण कर आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here