रोहित हत्याकांड: अवैध संबंधों के चलते बेटे की गई जान, परिजनों का आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बेहटा माधो पहुंचकर परिजनों को दी सांत्वना, कोतवाल के निलंबन और एक करोड़ मुआवजे की उठाई मांग
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। दातागंज के रामलीला मेले में दलित युवक रोहित जाटव की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे अवैध संबंधों को वजह बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव गांव बेहटा माधो पहुंचे और रोहित के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अजीत यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। योगी सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दातागंज को मिनी चंबल बना दिया गया है। रामलीला मेले का आयोजन पुलिस-प्रशासन की अनुमति से हो रहा था, इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
उन्होंने कहा कि मेले के आयोजकों ने पहले ही एसएसपी से मिलकर दातागंज कोतवाल पर दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया था। इस संबंध में समाचार भी प्रकाशित हुए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण रोहित की हत्या जैसी घटना हुई। उन्होंने दातागंज कोतवाल समेत जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मृतक की पत्नी रजनी जाटव को सरकारी नौकरी देने तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि रोहित की सात बहनों और माता-पिता के सामने भी अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
इस मौके पर कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, पातीराम सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।





