Home Breaking News लालपुरिया साहिब सिंह को मिली पक्की सड़क की सौगात, राज्य मंत्री संजय...

लालपुरिया साहिब सिंह को मिली पक्की सड़क की सौगात, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया लोकार्पण

0
40

लालपुरिया साहिब सिंह को मिली पक्की सड़क की सौगात, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया लोकार्पण

करीब 9.90 लाख रुपये की लागत से बने संपर्क मार्ग से ग्रामीणों को मिलेगी राहत, बरसात में आसान होगा आवागमन

 

ग्राम लालपुरिया साहिब सिंह में नवनिर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण करते राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार।

जागरण मोर्चा कार्यालय,

पीलीभीत \ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुक्रवार को ग्राम लालपुरिया साहिब सिंह को नई संपर्क सड़क की सौगात मिली। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने मरौरी विकासखंड के ग्राम लालपुरिया साहिब सिंह में 15वें वित्त आयोग योजना के तहत निर्मित संपर्क मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर बरसात के दिनों में जब कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
करीब 9.90 लाख रुपये की लागत से तैयार यह संपर्क मार्ग नन्हे लाल के मकान से फहीम के खेत तक बनाया गया है। लोकार्पण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, पेयजल, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी गति देती हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिसके लिए लगातार योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।
राज्य मंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने नई सड़क के निर्माण पर खुशी जताई।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, ग्राम प्रधान गंगाराम, बीडीसी सदस्य सोहनलाल, संजीव कश्यप, ज्ञानी कश्यप, इरशाद, विजय सिंह सोनकर, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी लियाकत अली ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here