बेसिक शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा द्वारा प्रधानों एवं प्रधानाध्यापक की ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण संगोष्ठी का आयोजन
जागरण मोर्चा कार्यालय
रामपुर| बेसिक शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा अभियान के तत्वाधान मे सैदनगर ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण का आयोजन मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र खौद में किया गया।
सैदनगर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों एवं परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सैदनगर के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना द्वारा सरस्वती मां के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैदनगर के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश सरकार परिषदीय विद्यालयों में सुधार के लिए हर संभव कार्य कर रही है। बच्चों के लिए कायाकल्प के द्वारा विद्यालयों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा रहा है। निजी विद्यालयों की तरह बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया, वह अपने दायित्व का निर्वहन कर्तव्य निष्ठा के साथ करें।विद्यालयों के सफल संचालन के लिए ग्राम प्रधानों से सहयोग मांगा उन्होंने कहा कि जब तक विद्यालयों के शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों में समन्वय स्थापित नहीं होगा तब तक विद्यालयों का सफल संचालन होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही डीबीटी योजना के तहत प्रत्येक बच्चे के अभिभावक के खाते में 1200 सरकार द्वारा भेजे जा रहे हैं जिनसे ड्रेस, बैग, स्वेटर, जूते- मोजे खरीदे जाने हैं। शिक्षा का सही उद्देश्य सर्वांगीण विकास है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में प्रकाश डाला। सरकार द्वारा जनता के कल्याण के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने डीबीटी, ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन, विद्यालय प्रबंध समिति, बालिका शिक्षा पर प्रकाश डाला।







