टीईटी के विरोध में चलाया जा रहा पोस्टकार्ड अभियान
जागरण मोर्चा कार्यालय
रामपुर| अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर बेसिक शिक्षकों ने टीईटी थोपे जाने के विरोध में शनिवार को पोस्टकार्ड अभियान चलाया। इसके अंतर्गत बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी मांगों से संबंधित पोस्टकार्ड लिखकर डाकघर के लेटर बॉक्स में डाले।

ज्ञात हो कि 1 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सभी कार्यरत शिक्षकों को दो वर्ष के भीतर टीईटी उत्तीर्ण करने का आदेश दिया गया है। शिक्षकों का कहना है कि यह आदेश केंद्र सरकार द्वारा अक्टूबर 2017 में बनाए गए एक ऐसे नियम के आधार पर दिया गया है, जिसे उस समय सार्वजनिक नहीं किया गया था।शिक्षकों का कहना है कि जिस समय उनकी नियुक्ति हुई थी, उसी समय के नियम उनके ऊपर लागू होने चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा पूर्व प्रभाव (बैक डेट) से नियम लागू करना शिक्षकों के साथ अन्याय है। इसी के विरोध में शिक्षकों ने चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है।आंदोलन के प्रथम चरण में 15 मार्च तक राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश तथा मुख्यमंत्री को शिक्षकों की ओर से ई-मेल और पोस्टकार्ड के माध्यम से पत्र भेजे जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को बड़ी संख्या में शिक्षकों ने पोस्टकार्ड लिखकर उन्हें डाकघर के लेटर बॉक्स में डाला।महासंघ के सह संयोजक डॉ. अहसान खान ने बताया कि रविवार को अभियान के प्रथम चरण का अंतिम दिन है। इस दिन बड़ी संख्या में ई-मेल भेजकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।






