Home Breaking News शिक्षक एमएलसी चुनाव में हरि सिंह ढिल्लो की बड़ी जीत, 17,676 मतों...

शिक्षक एमएलसी चुनाव में हरि सिंह ढिल्लो की बड़ी जीत, 17,676 मतों से सपा प्रत्याशी को हराया

0
368

शिक्षक एमएलसी चुनाव में हरि सिंह ढिल्लो की बड़ी जीत, 17,676 मतों से सपा प्रत्याशी को हराया

पांच राउंड की मतगणना के बाद भाजपा खेमे में जश्न, मतगणना स्थल पर लगे भाजपा जिंदाबाद के नारे

जागरण मोर्चा, कार्यालय

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के अंतर से पराजित किया। मंगलवार को संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में पांच राउंड तक चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। जीत की घोषणा होते ही मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाया और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए।

मतगणना की प्रक्रिया सुबह आठ बजे शुरू हुई। इससे पहले सुबह सात बजे प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। सुबह नौ बजे मतपेटियां खोलकर मतों की गिनती शुरू की गई। मतगणना के लिए आठ टेबल और एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल बनाई गई थी। बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से आई मतपेटियों में बंद मतों की गिनती सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। डीएम और एसएसपी समेत अधिकारियों ने क्षेत्र में पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और सपा के हाजी दानिश अख्तर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा था। दोनों दलों के प्रत्याशियों के अलावा 15 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में थे। पांच राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को 21,672 मत मिले, जबकि हाजी दानिश अख्तर के खाते में 3,996 मत आए। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 17,676 मतों से जीत हासिल की। बरेली-मुरादाबाद खंड के नौ जिलों में 23 अक्टूबर को 105 बूथों पर मतदान कराया गया था। चुनाव में 46 हजार से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से 35,146 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान प्रतिशत 73.69 रहा। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच संजय गांधी कम्युनिटी हॉल के स्ट्रांग रूम में रखवाया गया था। निर्दलीय प्रत्याशियों में संजय कुमार मित्रा, राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी और नेत्रपाल शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here