सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत, बुजुर्ग महिला घायल
तेज रफ्तार बाइक सवार महिला से टकराकर सड़क पर गिरा
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व लगी ग्रामीणों की भीड़
जागरण मोर्चा कार्यालय
आसफपुर। थाना क्षेत्र के ओरछी चौराहे पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। किशोर को गंभीर हालत में मुरादाबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव मई निवासी साहिल (17) पुत्र डॉ. इमरान बाइक से ओरछी से अपने घर लौट रहा था। जब वह ओरछी मुख्य चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचा, तभी कनुआखेड़ा निवासी पार्वती देवी (70) बैंक से निकलकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर महिला से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पार्वती देवी को भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साहिल को पहले पार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मुरादाबाद रेफर कर दिया। परिजन उसे मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
वहीं घायल पार्वती देवी का उपचार सृष्टि नर्सिंग होम में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
साहिल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पिता डॉ. इमरान का इकलौता बेटा था। परिवार में चार बहनें हैं और पिता ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।





