सबमर्सिबल से ‘डीजल’ जैसी गंध वाला तरल निकला, गांव में मचा हड़कंप
आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ादास में एक घर के सबमर्सिबल से डीजल जैसी गंध वाला तरल निकलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
गांव निवासी अतुल ठाकुर के अनुसार उनके घर पर लंबे समय से लगा सबमर्सिबल जब हाल ही में चलाया गया तो पानी में तेज और अजीब गंध महसूस हुई। शुरुआत में इसे सामान्य समझा गया, लेकिन जल्द ही पानी में लगातार डीजल जैसी गंध आने लगी। उनका दावा है कि करीब 70 फीट की गहराई पर यह तरल अधिक मात्रा में निकल रहा है, जबकि 80 फीट पर इसकी मात्रा कम हो जाती है। पानी में झाग बनने की बात भी सामने आई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद यह मामला आग की तरह फैल गया और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। उपजिलाधिकारी बिसौली साईं आश्रित साखमुरी के निर्देश पर मंगलवार को जांच टीम गांव पहुंची। टीम में नायब तहसीलदार आनंद रॉय, आपूर्ति निरीक्षक पीयूष गंगवार, जिला स्तरीय ऑयल निरीक्षक समेत कई अधिकारी शामिल रहे। तकनीकी जांच के लिए क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों को भी मौके पर बुलाया गया।
जांच टीम ने सबमर्सिबल
चलवाकर निकल रहे तरल का निरीक्षण किया और उसके नमूने लेकर सील कर दिए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह तरल वास्तव में क्या है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है। गांव में फैली इस रहस्यमयी घटना को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ आशंका का माहौल बना हुआ है।





