सावन के पहले सोमवार पर पंचतत्वेश्वर महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सराय, भक्तों ने किया जलाभिषेक
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। सावन माह के पहले सोमवार को सराय स्थित पंचतत्वेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही कांवड़ियों और शिवभक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सावन के पहले सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु डीजे पर बज रहे शिवभजनों पर झूमते हुए भक्ति में लीन नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। कई श्रद्धालु कछला गंगा घाट से जल भरकर पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए यहां पहुंचे और विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन माह के चलते मंदिर में प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन पहले सोमवार को यह संख्या कई गुना बढ़ गई।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. शैलेश पाठक और अंकित पाठक ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और क्षेत्रवासियों के सुख-शांति की प्रार्थना की। उनके साथ अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे सराय क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया।




