- हर्षोल्लास से मनाया गया अंबेडकर का 137वां जन्मदिन, हुए विभिन्न कार्यक्रम
जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत। जनपद में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर का 137वां जन्मदिवस पूरे उत्साह, उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रसून द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रोशनी यादव सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहब का योगदान अतुलनीय है और उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
शहर के ईदगाह मैदान के सामने काशीराम कॉलोनी दलित बस्ती में समाजवादी पार्टी नेता पंडित सुधीर तिवारी एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। यहां मिठाई वितरण के साथ विचार गोष्ठी आयोजित कर बाबा साहब के संघर्ष और योगदान को याद किया गया।
गजरौला। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयंती हर्षोल्लास से मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय सिंह यादव ने की, जबकि राजकुमार “राजू” समेत अन्य वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के क्षेत्र में बाबा साहब के योगदान पर प्रकाश डाला।
पूरनपुर। जयंती धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बाबूराम पासवान ने ग्राम महादेव माती, गैरतपुर जप्ती, चत्तीपुर सहित नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही भव्य शोभायात्राओं को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पब्लिक इंटर कॉलेज में दीप प्रज्वलन एवं बुद्ध वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
जनपद भर में आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष, सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।






