अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन में पुलिस की बदसलूकी, श्रद्धालुओं से धक्का-मुक्की का आरोप
मुरादाबाद। अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन के पहले ही दिन मुरादाबाद के जीएमडी रोड स्थित चढ़ा कॉम्प्लेक्स में अव्यवस्थाओं के साथ-साथ पुलिस की कथित बदसलूकी भी सामने आई है। जम्मू-कश्मीर बैंक में रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ नियंत्रित करने के बजाय लोगों के साथ धक्का-मुक्की की और लाइन में खड़े बुजुर्गों व महिलाओं को भी नहीं बख्शा। मौके पर पुलिस कर्मी लोगों को धक्का देते और हटाते हुए साफ दिखाई दिए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
रजिस्ट्रेशन कराने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सुबह 2 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उनका नंबर नहीं आ सका। लोगों का कहना है कि न तो टोकन की व्यवस्था थी और न ही कोई सही लाइन सिस्टम, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई।
श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं और उन्हें मदद की बजाय परेशान किया जा रहा है। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोग प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते रहे।
फिलहाल पुलिस द्वारा स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन श्रद्धालुओं में पुलिस के रवैये को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।






