स्मार्ट मीटर के विरोध में उबाल, ग्रामीणों ने दी 20 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
पूरनपुर (पीलीभीत):
तहसील पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेरपुर कला में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिना सहमति लगाए गए स्मार्ट मीटरों से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से अत्यधिक और अनियमित बिल आ रहे हैं। छोटी-छोटी बकाया राशि पर भी बिजली आपूर्ति काट दी जा रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर मेहनत करने वाले मजदूरों को भी रात में अंधेरे में समय बिताना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन (भानू) के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर हटाकर पुरानी मीटर व्यवस्था बहाल करने तथा गलत बिजली बिलों को ठीक करने की मांग की गई।
इस पर अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों से 30 दिन का समय मांगा और आश्वासन दिया कि ज्ञापन को उच्चाधिकारियों को भेजकर उचित समाधान कराया जाएगा। हालांकि, ग्रामीण इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने विभाग को 20 दिन का अल्टीमेटम दे दिया।
ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 20 दिनों के भीतर स्मार्ट मीटर नहीं हटाए गए और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पूरे गांव के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर उनके लिए सुविधा नहीं, बल्कि परेशानी का कारण बन गए हैं। ऐसे में अब सभी की निगाहें अगले 20 दिनों पर टिकी हैं कि विभाग उनकी मांगों पर क्या कदम उठाता है।






