दो साल पुरानी रंजिश में किसान को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट,सात घायल
-इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर में शनिवार को हुआ खूनी संघर्ष
-दो साल पूर्व क्रिकेट से शुरु हुई रंजिश बनी किसान की मौत का कारण
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में दो साल पुराने क्रिकेट की रंजिश में कुछ लोगों ने शनिवार सुबह एक किसान को रास्ते में घेर लिया। किसान घर की ओर भागा तो आरोपी भी पीछे से उसके घर में जा घुसे। हमलावरों ने घर में घुसकर किसान को बेरहमी से पीटा। बचाव में आए किसान के बेटे और भाई को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को राजकीय मेडीकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। मारपीट में दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। मामले में किसान के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर में दो साल पहले क्रिकेट खेल रहे कुंवरपाल के बेटे गौरव व अनुज की गेंद मोर सिंह की भैंस को लग गई थी। इसी बात पर मोर सिंह ने कुंवरपाल के बच्चों के साथ मारपीट कर दी थी। तभी से मोर सिंह व कुंवरपाल के बीच रंजिश चली आ रही थी। बताते हैं कि शनिवार सुबह धान में दवा लगाने जा रहे कुंवरपाल को मोर सिंह पक्ष ने रास्ते में घेर लिया। कुंवरपाल किसी तरह से वहां से भागकर अपने घर आकर छिप गया। पीछे से मोर सिंह पक्ष के लोग भी कुंवरपाल के घर में घुस आए और कुंवरपाल के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में कुंवरपाल और उन्हें बचाने आया उनका भाई अतर सिंह व नरेश और पुत्र गौरव घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष के मोर सिंह, उनकी पत्नी अनार देवी, बेटी वेदवती, बेटा राम खिलाड़ी व मेघ सिंह घायल हो गए। पहले घायलों को सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शाम करीब छह बजे कुंवरपाल की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पंचनामा भर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कुंवरपाल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले में किसान के भाई नरेश की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।





