खटीमा वन रेंज में नर हाथी की संदिग्ध मौत, शारदा नहर किनारे जंगल में मिला शव
जागरण मोर्चा कार्यालय, खटीमा
खटीमा। खटीमा वन रेंज के अंधेरा पुल क्षेत्र में शारदा नहर से सटे जंगल में रविवार सुबह एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हाथी की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल से लगे खेत में एक हाथी के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही खटीमा वन रेंज के रेंजर हरेंद्र सिंह बिष्ट वन कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट राकेश बिष्ट ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद तत्काल वन विभाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृत हाथी नर पाया गया, जिसकी आयु लगभग 15 वर्ष आंकी जा रही है। रविवार होने के कारण पशु चिकित्सकों की टीम देर से मौके पर पहुंची। वन विभाग ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात हाथियों का एक झुंड अंधेरा पुल क्षेत्र में पहुंचा था और आसपास के खेतों में काफी उत्पात मचाया था। यह क्षेत्र शारदा नहर के किनारे स्थित है, जहां खटीमा और किलपुरा वन रेंज के बीच हाथियों की आवाजाही अक्सर बनी रहती है। वन विभाग का कहना है कि हाथी की मौत के सभी संभावित कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर उपप्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि नहर के समीप मृत मिले हाथी के शरीर के अंग पूरे हैं। मृत्यु के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा। फिलहाल मृत हाथी के शव को दफना दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि वन एवं वन्य जीव जन्तुओं की सुरक्षा के लिए विभाग के अधीनस्थों को सचेत कर दिया गया है।





