पूरनपुर में दलित हत्याकांड को लेकर विरोध प्रदर्शन
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन
तहसीलदार को ज्ञापन देते लोग
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पूरनपुर। मेरठ के चर्चित दलित ललिता देवी गौतम हत्याकांड को लेकर सोमवार को तहसील में क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने तहसील परिसर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति, राज्यपाल,प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ललिता देवी गौतम की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और यदि दोषियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आम जनता का न्याय व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा। सामाजिक संगठनों ने मांग की कि मामले की जांच निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए ताकि किसी भी दोषी को बचने का अवसर न मिले। ज्ञापन में पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा व्यवस्था तथा मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने की भी मांग की गई। साथ ही कहा गया कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज में अपराध करने वालों के लिए कड़ा संदेश साबित हो। पैरवी कर रहे अधिवक्ता के साथ मारपीट करने पीडित परिवार को पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन को और अधिक संवेदनशील तथा सक्रिय होने की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो सामाजिक संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान प्रदीप कुमार,रवि सागर,सुखलाल,अश्वी गौतम, सुरेश वर्मा सहित कई मौजूद रहे।





