बैंकॉक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बरेली के तीन कॉर्फबॉल खिलाड़ी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बरेली। कॉर्फबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (KFI) द्वारा आगामी आईकेएफ अंडर-19 एवं अंडर -21 एशिया कॉर्फबॉल4 चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय कॉर्फबॉल4 टीम की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 31 जुलाई, 2026 तक बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित होगी।
भारतीय टीम में बरेली (उत्तर प्रदेश) के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वीर प्रताप सिंह, पारस मिश्रा एवं संस्कार गंगवार का चयन हुआ है। तीनों खिलाड़ी इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले एवं प्रदेश के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए कॉर्फबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 15 से 23 जुलाई, 2026 तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), फगवाड़ा (पंजाब) में भारतीय टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद भारतीय टीम बैंकॉक के लिए रवाना होगी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कॉर्फबॉल एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी सुमित शर्मा ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल बरेली बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तीनों खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत को पदक दिलाकर देश का नाम रोशन करेंगे।
उत्तर प्रदेश कॉर्फबॉल परिवार ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की।
चयनित खिलाड़ी:
– वीर प्रताप सिंह (अंडर -21)
– पारस मिश्रा (अंडर-19)
– संस्कार गंगवार (अंडर-19)





