अलापुर नगर पंचायत में विकास कार्य ठप, अवर अभियंता की उदासीनता पर उठे सवाल
हाईकोर्ट आदेश के बावजूद नहीं संभाले कार्य, नए अवर अभियंता की तैनाती की मांग
बदायूं। नगर पंचायत अलापुर में विकास कार्यों की रफ्तार अवर अभियंता की उदासीनता के चलते प्रभावित हो रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा इस संबंध में उच्चाधिकारियों को प्रार्थना-पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
अध्यक्ष द्वारा 11 मई 2026 को प्रस्तुत प्रार्थना-पत्र में उच्च न्यायालय इलाहाबाद के 6 अप्रैल 2026 के आदेश की प्रमाणित प्रति संलग्न करते हुए कहा गया है कि जनहित एवं विकास कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए वर्तमान में सम्बद्ध अवर अभियंता अमन कुमार के स्थान पर किसी सक्षम, उत्तरदायी और स्थानीय निकाय कार्यों में अनुभव रखने वाले अवर अभियंता की तत्काल नियुक्ति या सम्बद्धता की जाए।
प्रार्थना-पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत में विभिन्न विकास कार्य, प्राक्कलन एवं तकनीकी योजनाएं लंबित पड़ी हैं, जिससे जनहित के कार्य बाधित हो रहे हैं।
इससे पूर्व 27 फरवरी 2026 को भी अध्यक्ष द्वारा एक प्रार्थना-पत्र दिया गया था, जिसमें बताया गया था कि कार्यालय पत्र संख्या 850/21-बी0/2025 दिनांक 5 दिसंबर 2025 के तहत अमन कुमार, अवर अभियंता (लोक निर्माण विभाग) को नगर पंचायत अलापुर से सम्बद्ध किया गया था। लेकिन आज तक उन्होंने न तो नगर पंचायत में उपस्थित होकर किसी कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और न ही किसी प्रस्ताव का प्राक्कलन तैयार किया।
अध्यक्ष ने बताया कि अवर अभियंता को 28 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को लिखित निर्देश एवं अनुस्मारक भेजे गए, लेकिन उन्होंने कोई संज्ञान नहीं लिया। 15वें वित्त आयोग की कार्ययोजना समेत अन्य योजनाओं जैसे वंदन योजना के प्रस्ताव तैयार नहीं हो सके हैं, जिससे विकास कार्यों में देरी हो रही है।
अध्यक्ष ने कहा कि अवर अभियंता की लापरवाही और कार्यों के प्रति शिथिलता के कारण नगर पंचायत की कार्ययोजनाएं समय पर तैयार नहीं हो पा रही हैं, जिससे जनहित के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सक्षम अवर अभियंता की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जा सके।




